
शिवपुरी शहर के रेलवे स्टेशन पर शनिवार को एक बड़ा घटनाक्रम हुआ था और उसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इसमें एक महिला रक्षाबंधन के मौके पर अशोकनगर जाने के लिए चलती ट्रेन पर चढऩे के प्रयास कर रही थी, उसी दौरान वह प्लेटफॉर्म व ट्रेन के बीच फंस गई। इसी दौरान वहां तैनात आरपीएफ के एएसआई ने तत्परता दिखाते हुए महिला को पकडक़र प्लेटफॉर्म की तरफ खींचकर उसकी जान बचा ली। इस पूरे घटनाक्रम का सीसीटीवी फुटेज वायरल हो रहा है।जानकारी के मुताबिक पुरानी शिवपुरी निवासी निर्मला ठाकुर (३६)रक्षाबंधन के अवसर पर शनिवार को अशोकनगर जाने के लिए सुबह करीब 10 बजे शिवपुरी रेलवे स्टेशन पहुंची तो देखा कि ग्वालियर.बीना ट्रेन चलना शुरू हो गया। ट्रेन के चलने के दौरान भीड़ व देरी के बीच निर्मला ने चलती ट्रेन में चढऩे की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगडऩे से वह प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच के गैप में जा फंसी। महिला के ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिरते ही स्टेशन पर मौजूद लोगों में हडक़ंप मच गया। इसी दौरान कुछ दूरी पर तैनात आरपीएफ के एएसआई वीरेंद्र कुमार तिवारी ने जब यह देखा तो उन्होने बिना समय गंवाए महिला की तरफ दौड़ लगाई और उसे पकडक़र प्लेटफॉर्म की तरफ खींच लिया। समय रहते महिला को बाहर निकाल लिए जाने से उसकी जान बच गई। एएसआई तिवारी ने बताया कि उन्हें पहले ही आशंका हो गई थी कि महिला चलती ट्रेन में चढऩे का प्रयास कर रही है। इसी वजह से वह पहले से उसकी ओर बढ़ रहे थे। महिला के प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच फंसते ही उन्होंने तत्काल उसे पकड़ लिया और सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पूरे घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद आरपीएफ एएसआई की तत्परता और बहादुरी की सराहना की जा रही है। एएसआई तिवारी ने यात्रियों से अपील की है कि कभी भी चलती ट्रेन में चढऩे या उतरने का प्रयास न करें, क्योंकि आपकी थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।






