September 8, 2026

सालों बाद दुनिया देखने का सपना होगा पूरा! ‘हनुमान अंश’ के भजन गायक सुनील लोधी की आंखों का इलाज कराएंगे CM मोहन यादव



भोपाल। फिल्म ‘हनुमान अंश’ के लोकप्रिय भजन ‘मैंने तेरे ही भरोसे’ को अपनी आवाज देने वाले बुंदेली गायक सुनील लोधी के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। जन्म से दृष्टिबाधित सुनील लोधी की आंखों के इलाज के लिए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मदद का ऐलान किया है। साथ ही उन्हें 1 लाख रुपये की सम्मान निधि देने की भी घोषणा की गई है।

हाल ही में सुनील लोधी अपने माता-पिता के साथ भोपाल स्थित मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उनका सम्मान किया। इस दौरान सुनील लोधी ने तंबूरा बजाकर फिल्म ‘हनुमान अंश’ का लोकप्रिय भजन ‘मैंने तेरे ही भरोसे’ सुनाया। उनकी आवाज से मुख्यमंत्री काफी प्रभावित हुए और उनकी प्रतिभा की सराहना की।

आंखों की होगी जांच, इलाज में मिलेगी मदद

मुख्यमंत्री ने सुनील लोधी की आंखों की जांच और इलाज के लिए हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, सुनील को ₹1 लाख की सम्मान निधि भी दी जाएगी।

सुनील लोधी सागर जिले के अगरा गांव के रहने वाले हैं। वह गांव-गांव जाकर भजन गाते हैं। उनकी प्रतिभा और आवाज सोशल मीडिया के जरिए लोगों तक पहुंची, जिसके बाद उन्हें फिल्म ‘हनुमान अंश’ में गाने का मौका मिला।

फिल्म के भजन ‘मैंने तेरे ही भरोसे’ को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिला और इसके साथ ही सुनील लोधी को भी बड़ी पहचान मिली। उनकी आवाज अब मध्यप्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर में चर्चा का विषय बनी हुई है।

‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर रचा इतिहास

वहीं फिल्म ‘हनुमान अंश’ भी बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। करीब 1.7 से 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने रिलीज के 31 दिनों में 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने का दावा किया है।

फिल्म ने शुरुआत में करीब 10 लाख रुपये की ओपनिंग की थी, लेकिन तीसरे और चौथे सप्ताह में इसकी कमाई में जबरदस्त उछाल देखने को मिला। पांचवें रविवार को फिल्म ने करीब 22.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जिसके बाद इसका कुल कलेक्शन लगभग 122.1 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।

फिल्म की सफलता के साथ अब सुनील लोधी के जीवन में भी एक नई उम्मीद जगी है। मुख्यमंत्री की पहल से उन्हें उम्मीद है कि उनकी आंखों का इलाज संभव होगा और वह भविष्य में दुनिया को अपनी आंखों से देख सकेंगे।

WhatsApp Facebook Telegram X

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *