
शिवपुरी में आज भव्य कलश यात्रा, कल से बागेश्वर सरकार की श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ

65 बीघा में सजा विशाल पांडाल, 24 से 30 नवंबर तक चलेगा भव्य आयोजन, प्रशासन पूरी तरह सतर्क
शिवपुरी। शिवपुरी जिले में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन 24 नवंबर से 30 नवंबर 2025 तक लुधावली नर्सरी मैदान में किया जा रहा है। इस सात दिवसीय धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, जिससे पूरा शहर भक्तिमय माहौल में डूबा हुआ है।
कथा से पूर्व आज 23 नवंबर को सुबह 8 बजे राजेश्वरी मंदिर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें करीब 2100 महिलाएं सिर पर कलश धारण कर शामिल हुईं। यह यात्रा गुरुद्वारा चौराहा, झांसी तिराहा और हवाई पट्टी रोड से होते हुए लुधावली स्थित कथा स्थल तक पहुंची। पूरे मार्ग में “जय बागेश्वर सरकार” के जयघोष गूंजते रहे।
आयोजन को सफल बनाने के लिए शनिवार को तैयारियां अंतिम चरण में रहीं। आयोजकों ने घर-घर जाकर पीले चावल बांटे। वहीं कथा की शुरुआत से पहले 2500 शंखनाद किए जाएंगे।

दावा किया जा रहा है कि इस आयोजन के दौरान होने वाले 2100 शंखनाद के माध्यम से गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज पूर्व रिकॉर्ड टूट सकता है। इसके तहत रविवार सुबह 8 बजे राजेश्वरी मंदिर से भव्य कलश यात्रा की शुरुआत होगी। यह यात्रा गुरुद्वारा चौराहा, झांसी तिराहा और हवाई पट्टी रोड से होते हुए कथा स्थल तक पहुंचेगी।
यात्रा बैंड-बाजों के साथ लगभग तीन किलोमीटर तक निकाली जाएगी, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजकों के अनुसार यह कलश यात्रा जिले की अब तक की सबसे भव्य धार्मिक यात्राओं में से एक होगी।
कलश यात्रा में संभावित भीड़ को देखते हुए शहर के कई हिस्सों में यातायात डायवर्जन लागू रहेगा। माधव चौक, गुरुद्वारा चौराहा, झांसी तिराहा, ग्वालियर नाका, गुना नाका, आईटीआई तिराहा एवं स्टेडियम टर्न एरिया में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। गुरुद्वारा चौराहा से अग्रसेन चौराहा तक वाहनों की आवाजाही पूर्णतः नो-एंट्री रहेगी।
कलश यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं की पार्किंग व्यवस्था पोलो ग्राउंड में की गई है।
—
श्रीमद्भागवत कथा का स्वरूप
24 नवंबर से प्रतिदिन बागेश्वर सरकार द्वारा श्रीमद्भागवत कथा का वाचन किया जाएगा, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण की लीलाएं, भक्त प्रह्लाद, ध्रुव चरित्र, गोवर्धन पूजा, रासलीला और कलियुग में धर्म व भक्ति का महत्व जैसे प्रसंगों पर प्रवचन होंगे। कथा के दौरान भजन, आरती एवं विशेष धार्मिक अनुष्ठान भी संपन्न किए जाएंगे।
—

65 बीघा में भव्य कथा स्थल
लुधावली नर्सरी मैदान में लगभग 65 बीघा क्षेत्र में भव्य पांडाल तैयार किया गया है, जिसमें —
132×700 फीट का वॉटरप्रूफ टेंट
100×50 फीट का मुख्य मंच
132×400 के दो बड़े टेंट लगाए जाएंगे
दोनों ओर विशाल टेंट
एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था
भंडारे के लिए अलग टेंट
चार प्रवेश द्वार
पेयजल व प्राथमिक चिकित्सा की सुविधा
—
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क
भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं —
सीता रसोई में 250 हलवाई रोजाना लगभग 35 हजार श्रद्धालुओं के लिए भोजन तैयार करेंगे।
1000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात
1600 सेवक एवं 200 वॉलंटियर लगातार ड्यूटी पर
100+ से अधिक CCTV कैमरों से निगरानी
प्रवेश द्वारों पर मेटल डिटेक्टर जांच
कंट्रोल रूम से पूरे आयोजन पर लाइव मॉनिटरिंग
प्रशासन का स्पष्ट उद्देश्य है कि आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराया जाए।
—
24 से 30 नवंबर तक यातायात व्यवस्था लागू
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष यातायात योजना भी लागू की गई है।
भारी वाहनों पर प्रतिबंध
सुरवाया फोरलेन से आईटीआई तिराहा, गुना नाका एवं ककरवाया तिराहे तक सुबह 10:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
शहर में पहले से लागू नो-एंट्री सुबह 7:00 से रात 10:00 बजे तक प्रभावी रहेगी।
—
पार्किंग व्यवस्था
बस एवं ट्रैक्टर
गुना, अशोकनगर, कोलारस, बदरवास, पोहरी, बैराड़, श्योपुर से आने वाले वाहन — गुना नाका चौराहा, पार्किंग क्रमांक (3)
ग्वालियर, सतनवाड़ा, सुभाषपुरा, दतिया, करेरा, पिछोर से आने वाले वाहन — फ्रूट मंडी के सामने (हवाई पट्टी), पार्किंग क्रमांक (2)
दो व चार पहिया वाहन
सभी श्रद्धालुओं के वाहन — हवाई पट्टी के अंदर पार्किंग क्रमांक (1) में खड़े किए जाएंगे।
—
प्रतिबंधित क्षेत्र
ऑटो चालकों को गुना नाका एवं आईटीआई तिराहा से स्टेडियम टर्न तक प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
बी.टी.आई कार्यालय के सामने से कथा स्थल तक जाने वाला मार्ग सभी प्रकार के वाहनों एवं पैदल श्रद्धालुओं के लिए प्रतिबंधित रहेगा।
—
अस्थायी बस स्टैंड व्यवस्था
गुना एवं अशोकनगर दिशा — गुना नाका
ग्वालियर दिशा — ग्वालियर नाका
श्योपुर व पोहरी दिशा — रेलवे क्रॉसिंग
झांसी, दतिया, करेरा व पिछोर दिशा — दो बत्ती
नोट: सभी यात्री बसों के लिए सुबह 11:00 से रात्रि 11:00 बजे तक पोहरी बस स्टैंड जाना प्रतिबंधित रहेगा।
—
पुलिस प्रशासन की अपील
पुलिस प्रशासन शिवपुरी ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही वाहन खड़ा करें, यातायात नियमों का पालन करें एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।







