February 5, 2026
शिवपुरी में बागेश्वर धाम भागवत कथा की भव्य कलश यात्रा, उमड़ा आस्था का सैलाब


शिवपुरी। शहर में सोमवार से बागेश्वर धाम के महंत संत धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ होने जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को विशाल कलश यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें आस्था और श्रद्धा का अभूतपूर्व दृश्य देखने को मिला। 2100 कलशों के साथ निकली इस यात्रा में करीब 15 हजार से अधिक महिलाओं व पुरुषों ने सहभागिता की। लगभग 4 किलोमीटर लंबी इस यात्रा की कतार ही 1 किलोमीटर से अधिक तक फैली रही।

यात्रा के दौरान दुखद पक्ष भी सामने आया, जहां खबर लिखे जाने तक एक दर्जन से अधिक महिलाओं के मंगलसूत्र व चेन चोरी होने की सूचना मिली है।



अपील के बावजूद चोरी की घटनाएं

आयोजकों द्वारा लगातार मीडिया के माध्यम से अपील की जा रही थी कि महिलाएं कीमती आभूषण पहनकर यात्रा या कथा में न आएं, लेकिन इसके बावजूद कई महिलाएं आभूषण पहनकर पहुंचीं। परिणामस्वरूप यात्रा के दौरान अज्ञात चोरों द्वारा एक दर्जन से अधिक महिलाओं के मंगलसूत्र और चेन चोरी कर लिए गए। प्रशासन ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।


पंचांग व कन्या पूजन के साथ हुआ शुभारंभ

कलश यात्रा की शुरुआत सुबह 9:45 बजे राजराजेश्वरी मंदिर परिसर में कलश पूजन, पंचांग पूजन और शंखनाद के साथ की गई। इस अवसर पर कथा परीक्षित रामप्रकाश गुप्ता एवं उनके सुपुत्र कपिल गुप्ता सपरिवार उपस्थित रहे। उन्होंने मातृशक्ति के चरण स्पर्श कर तथा कन्या पूजन कर आशीर्वाद लिया और मां राजराजेश्वरी की आज्ञा लेकर यात्रा को रवाना किया।

जैसे ही यात्रा मंदिर प्रांगण से मुख्य सड़क पर पहुंची, पूरे मार्ग पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। पीली साड़ियों में सिर पर कलश धारण किए भजन-कीर्तन करती महिलाएं दूर-दूर तक दिखाई दीं।




महिलाओं में दिखा जबरदस्त उत्साह

सुबह से ही राजेश्वरी मंदिर परिसर में महिलाओं की भारी भीड़ जुटने लगी थी। कलश उठाने के लिए होड़ मची रही। आयोजकों ने सुव्यवस्थित तरीके से कलशों का वितरण किया और कुछ ही समय में सभी 2100 कलश वितरित हो गए। कई महिलाएं अपने साथ कलश लेकर भी यात्रा में शामिल हुईं, जबकि अनेक महिलाएं बिना कलश के भी श्रद्धा के साथ यात्रा का हिस्सा बनीं।

भीड़ बढ़ने के कारण लश्करीपुरा पार्क में महिलाओं को एकत्रित कर कतारबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया गया, जिसके बाद यात्रा अपने निर्धारित मार्ग से आगे बढ़ती रही।




24 नवम्बर को बनेगा विश्व रिकॉर्ड

आयोजन समिति के अनुसार पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के श्रीमुख से 24 नवम्बर को दोपहर 1 बजे से श्रीमद्भागवत कथा का वाचन प्रारंभ होगा। कथा से पूर्व आयोजन स्थल पर 2500 शंखनाद का भव्य आयोजन कर विश्व रिकॉर्ड बनाने की तैयारी की जा रही है। उल्लेखनीय है कि वर्तमान में 2100 शंखनाद का रिकॉर्ड गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज है। शिवपुरी में इसको लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।




सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

कथा आयोजन को लेकर प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने पुख्ता सुरक्षा इंतजाम किए हैं। आयोजन स्थल और पार्किंग क्षेत्र में 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं तथा एक कंट्रोल रूम की भी स्थापना की गई है। 23 नवम्बर से 30 नवम्बर तक 1000 से अधिक पुलिसकर्मी सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात रहेंगे। प्रवेश द्वारों पर मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं और जांच के बाद ही श्रद्धालुओं को प्रवेश दिया जाएगा।

Shivpuritezkhabar.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *