September 4, 2026

ShivpuriTezKhabar | मड़ीखेड़ा डैम के गेट खुलने की संभावना, सिंध नदी किनारे बसे गांवों के लिए अलर्ट

शिवपुरी, 4 सितंबर 2026। मड़ीखेड़ा (अटल सागर) बांध के जलग्रहण क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश और बांध में बढ़ रही जल आवक को देखते हुए जल संसाधन विभाग ने सिंध नदी के किनारे बसे ग्रामीण क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण चेतावनी जारी की है।

विभाग के अनुसार, बांध का जलस्तर निर्धारित एवं सुरक्षित स्तर पर बनाए रखने के लिए आज दोपहर बाद मड़ीखेड़ा बांध के जलद्वार खोले जा सकते हैं। इस दौरान करीब 500 से 1000 क्यूमेक्स अतिरिक्त पानी छोड़े जाने की संभावना जताई गई है। जल आवक और बांध के जलस्तर की स्थिति के अनुसार जलद्वार खोलने का समय बदल सकता है।

मड़ीखेड़ा बांध से छोड़ा गया पानी सिंध नदी के रास्ते मोहनी पिकअप वियर तक पहुंचेगा। जलस्तर को नियंत्रित रखने के लिए मोहनी पिकअप वियर के जलद्वारों से भी अतिरिक्त पानी छोड़ा जा सकता है।

इन क्षेत्रों में विशेष सतर्कता

मड़ीखेड़ा बांध से संभावित प्रभावित क्षेत्र:
मड़ीखेड़ा, धमकन, पचपेड़िया, कल्याणपुर, नानकपुर, सुल्तानपुर एवं पवा।

मोहनी पिकअप वियर से संभावित प्रभावित क्षेत्र:
ख्यावदा, साबोली, सुडा, धमधौली, सीहोर, निहाबारा, सुड, पनघटा, मगरोनी एवं पुलाहा।

प्रशासन की अपील

सिंध नदी एवं आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों से नदी के किनारे नहीं जाने, नदी-नालों में प्रवेश नहीं करने तथा बच्चों और बुजुर्गों को नदी से दूर रखने की अपील की गई है। पशुओं को भी नदी किनारे न ले जाने और तेज जलप्रवाह वाले क्षेत्रों, पुलों एवं रपटों को पार करने का प्रयास नहीं करने की सलाह दी गई है।

जलद्वार खोलने और पानी की निकासी का निर्णय जल आवक एवं बांध के जलस्तर की स्थिति के आधार पर लिया जाएगा। नागरिकों से सतर्क रहने और प्रशासन एवं जल संसाधन विभाग की आगामी सूचनाओं का पालन करने की अपील की गई है।

जनहित में जारी — कार्यपालन यंत्री, सिंध परियोजना संभाग, मड़ीखेड़ा, जिला शिवपुरी।

WhatsApp Facebook Telegram X

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *