गाय पर हक जमाने को लेकर हुए विवाद में बच्चें को किया मरणासन्न
गंभीर हालत में ग्वालियर अस्पताल में इलाज जारी, पुलिस ने दर्ज किया हत्या के प्रयास का केस
करैरा। जिले के करैरा थाना अंतर्गत ग्राम टीला में बुधवार सुबह एक गाय पर हक जमाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ और दोनो तरफ से हुई पत्थरबाजी में एक पक्ष से ६ साल का मासूम सिर में पत्थर लगने से गंभीर घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए पहले जिला अस्पताल, फिर मेडिकल कॉलेज और बाद में ग्वालियर अस्पताल भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि तीन अभी फरार है।
जानकारी के मुताबिक ग्राम टीला निवासी एक वंशकार परिवार के यहां पर कुछ महिनो से एक गाय बंधी थी। बुधवार को गांव के ही कमलू जाटव, अंकित, सत्येन्द्र व संजीव जाटव वंशकार परिवार के यहां पर आए और बोलने लगे कि यह गाय हमारी है। इसको हम अपने साथ ले जाएगें। इस पर वंशकार परिवार ने बोला कि यह गाय को हम एक साल से पाल रहे है। गाय हम नही देगें। इसके बाद दोनो पक्षों में विवाद हुआ और दोनो तरफ से पत्थरबाजी होने लगी। इस पूरी घटना में वंशकार परिवार से देव वंशकार(६) के सिर में एक बड़ा पत्थर आकर लगा जिससे वह मौके पर ही बेहोश हो गया और आरोपी मौके से भाग गए। इधर परिजन देव को लेकर पहले करैरा आए, यहां से जिला अस्पताल फिर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए देव को ग्वालियर रैफर किया है। वर्तमान में देव का इलाज ग्वालियर में चल रहा है। पुलिस ने इस मामले में चारो आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर संजीव जाटव को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि शेष तीन आरोपी कमलू, अंकित व सत्येन्द्र अभी फरार है। पुलिस इनकी तलाश में जुटी है।