September 22, 2026

बैंक कैशियर के घर से हजारों की चोरी, दिनदहाड़े हुई वारदात
पति-पत्नी दोनो गए थे बैंक, पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी
शिवपुरी-कोलारस। शहर के  फिजिकल थाना अंतर्गत टीवी टावर रोड विवेकानंद पुरम निवासी एक बैंक कैशियर के सूने घर से बीते रोज दिनदहाड़े अज्ञात चोर हजारों रुपए की चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। वारदात के समय पति-पत्नी दोनो बैंक में नौकरी करने गए थे। पुलिस ने अज्ञात चोरो पर केस दर्ज कर आगे की पड़ताल शुरू कर दी है।
विवेकानंद पुरम निवासी अमित बंसल स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की चदावनी ब्रांच में पदस्थ है। जबकि उनकी पत्नी मध्यांचल ग्रामीण बैंक में कैशियर के पद पर काम करती है। दोनो पति-पत्नि मंगलवार को सुबह अपनी-अपनी बैंक में काम करने चले गए और उनके घर में ताला लगा हुआ था। दोपहर में ही सूने मकान को देखकर अज्ञात चोर ताला तोडक़र घर के अंदर घुस गए और अलमारी में से ३५ हजार रुपए नकदी, चांदी की दो जोड़ी पायल, चार जोड़ी बिछिया, चांदी के दो कड़े आदि सामान चोरी करके ले गए। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि चोरों ने घर की बाउंड्री को फादकर अंदर घुसे और इस वारदात को अंजाम दिया।
बॉक्स-
भाजपा मंडल उपाध्यक्ष के घर से चोरी, लाखों का माल ले गए चोर
जिले के कोलारस नगर निवासी भाजपा मंडल उपाध्यक्ष संजीव गुप्ता के घर में से बीती रात अज्ञात चोर एक लाख रुपए नकद व सोने-चांदी के जेवरात मिलाकर करीब ३ लाख का माल चुराकर ले गए। संजीव मंगलवार की देर रात शिवपुरी के कुछ व्यापारियों से अपने व्यापार का भुगतान लेकर घर लौटे थे।घटना के समय परिजन मकान की ऊपरी मंजिल पर सो रहे थे और नीचे चोरो ने वारदात को अंजाम दिया। मामले की सूचना पर से मौके पर पहुंची पुलिस ने अज्ञात चोरो पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। बता दें कि अभी कुछ दिन पहले ग्राम राई में एक ही रात में ७ मकानों में से अज्ञात चोर चोरी की घटना को अंजाम देकर गए थे। उस मामले में भी अभी तक पुलिस चोरो का सुराग नही लगा पाई है। इसके अलावा पहले भी हुई चोरी की घटनाएं अनट्रेस है। चोरी की वारदातों से आमजन में डर व रोष का माहौल निर्मित है।

WhatsApp Facebook Telegram X

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *